मजदूरी कर पति ने पत्नी को पढ़ाया-लिखाया, सिपाही बनते ही दूसरे से की सगाई ! अब पति को दे रही धमकी…?

राज्यों से खबर

उन्नाव: PCS अधिकारी ज्योति मौर्य और आलोक केस के चर्चे चारों ओर हैं। अब एक के बाद एक ऐसे ही कई और मामले भी सामने आ रहे हैं। ताजा मामला उन्नाव जिले का है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत पत्र दिया है। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को मेहनत-मजदूरी कर पढ़ाया। इसके बाद जब वो सिपाही बन गई, तो उसने युवक से तलाक लेने के लिए कोर्ट में केस कर दिया। मामले में युवक ने आरोप लगाते हुए कहा कि अब उसकी पत्नी दूसरी शादी कर रही है। उसने सगाई कर ली है। युवक ने क्या कुछ कहा, उसने क्या कुछ आरोप लगाए हैं।

2010 में हुई शादी, 2016 में सिपाही बनी पत्नी

उन्नाव का यह केस अचलगंज थाना क्षेत्र के कोरारी कला गांव का है। यहां के विजय पाल सिंह पुत्र उदयवीर सिंह ने एसपी ऑफिस पहुंच, अपनी पत्नी पर कई आरोप लगाए हैं। विजय पाल सिंह ने बताया कि उसकी शादी साल 2010 में माखी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ हुई थी। तब वो इंटर की छात्रा थी। इसके बाद उसने उसे पढ़ाया-लिखाया। स्नातक पास होते ही 2016 में उसकी पुलिस में नौकरी लग गई। इसके बाद से वो कभी घर नहीं लौटी।

विजय पाल सिंह ने कहा, ”शादी के बाद मैं अपनी पत्नी के साथ पत्नी धर्म का पालन करते हुए रह रहा था। वो भी बहुत खुश थी। हमारे बीच कभी कोई विवाद नहीं हुआ। सबकुछ ठीक-ठाक चलता रहा। दो साल बाद 2012 में पत्नी ने नौकरी करने की इच्छा जाहिर की। उसका मन था कि वो सरकारी नौकरी करे। वो पढ़े। मैं उस समय कोई काम नहीं कर रहा था। पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए मैंने मेहनत मजदूरी करनी शुरू की।”

2013 में आई पुलिस भर्ती में हुआ सिलेक्शन

विजय पाल ने कहा, ”उसकी पढ़ाई-लिखाई में कोई कमी न हो। इसके लिए मैंने खूब मेहनत की और मेहनत मजदूरी करते उसकी फीस अदा करता रहा।वर्ष 2013 में पुलिस की भर्ती आई तो मेरी पत्नी का सिलेक्शन हो गया। भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद पुलिस विबाग में वो आरक्षी के पद पर 2016 में भर्ती हो गई। इसके बाद वो उन्नाव में जेटीसी रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव आई। उस समय भी मैंने मेहनत मजदूरी करते हुए, कर्ज लेकर उसे खर्चा भेजता रहा। प्रशिक्षण के ददजौरान उन्नाव से वो लखनऊ आरटीसी करने गई। इस समय मेरे पिता ने 50 हजार रुपये ब्याज में लेकर उसे दिए ताकि बहू को कोई दिक्कत न हो।”

उसने आगे कहा, ” इसके बाद पत्नी की नियुक्ति बाराबंकी में हुई। यहां से उसके नेचर में बदलाव आने लगा। उसका किसी और के साथ अफेयर चलने लगा। इसके बाद वो धीरे-धीरे मुझसे नाता तोड़ती चली गई। जब मुझे इस बात की जानकारी हुई तो मैंने उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन वो बोली मैं पुलिस में हूं। मेरी जो मर्जी होगी मैं वही करूंगी, आप रोकने वाले कौन होते हैं।”

सिपाही के पति ने कहा, ”हमारे बीच कोई विवाद न होने के बावजूद उसने 2019 में हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 के तहत मेरे खिलाफ उन्नाव कोर्ट में वाद प्रस्तुत कर दिया। यह अभी भी कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद मेरी पत्नी के पिता उसकी दूसरी शादी तय कर चुके हैं। 16 जुलाई को उसने सगाई की है। इसकी जानकारी मुझे उसके बहुत करीब रहने वाली एक महिला सिपाही ने दी है। ये विधि-विधानों के गलत है। अभी मेरा तलाक नहीं हुआ है। मेरे जिंदा रहते हुए वो दूसरी शादी कैसे कर सकती है।”

मिल रही जान से मारने की धमकी

आरोप लगाया गया कि विजय पाल की पत्नी के पिता और उसके भाई ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बकौल विजय पाल, ”मेरे ससुर और पत्नी का भाई कहते हैं कि तुम अगर कोर्ट की तारीख में आए तो तुम्हारी हत्या करवा देंगे। जिसके भय से मैं इधर-उधर भाग रहा हूं। वो पुलिस में है इसलिए मैं पुलिस के पास जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा सका। मेरी साहब से प्रार्थना है कि उसकी दूसरी शादी रुकवायी जाए। विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए।

पूरे मामले में हमने विजय की पत्नी से फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन पहले तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उनकी बहन ने फोन पर बात करते हुए कहा कि विजय के लगाए गए सारे आरोप झूठे हैं। दो चार तारीख में डिवोर्स हो जाएगा।

सीओ बोले जांच की जा रही है, अभी नहीं दर्ज हुई FIR

सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि आज पुलिस अधीक्षक उन्नाव से मिलकर एक अचलगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले विजय पाल ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी जिसको उन्होंने मजदूरी करके पढ़ाया, अब वह किसी दूसरे के साथ इंगेजमेंट करके शादी करने जा रही है जबकि अभी तलाक का बाद न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में मेरे द्वारा जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *