दिल्ली समेत 4 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, उत्तराखंड सहित इन राज्यों मे बारिश और बर्फबारी की चेतावनी…

खबर उत्तराखंड देश की खबर राज्यों से खबर

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में शुक्रवार सुबह भी घना कोहरा देखा जा रहा है। इन राज्यों में कई इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम है। इसकी वजह से वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक सुबह और रात के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और चंडीगढ़ के लिए बहुत घने कोहरे की चेतवानी भी जारी की है। इस दौरान 50-200 मीटर दृश्यता रहने की संभावना है।  दिल्ली में अगले पांच दिनों तक घने कोहरे से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

यहां पर आज है घना कोहरा

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार सुबह 5.30 बजे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, यूपी, पश्चिम राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली, पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा दिखाई दिया।

इन राज्यों में एक जनवरी तक घना कोहरा पड़ेगा

इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम,मणिपुर, असम और त्रिपुरा में एक जनवरी 2024 तक सुबह के दौरान घना कोहरा पड़ना जारी रहेगा। कोहरे की वजह से इन जगहों पर विजिबिलिटी बेहद कम देखने को मिलेगी।

कोल्ड डे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और यूपी में अगले 24 घंटे कड़ाके की ठंड (कोल्ड डे) पड़ेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 औऱ 31 दिसंबर को हल्की बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी यूपी और बिहार में ही बूंदाबांदी हो सकती है। तमिलनाडु के दक्षिणी इलाकों में 31 दिसंबर और एक जनवरी को भारी बारिश की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *